रायपुर। राजधानी रायपुर के धरसींवा क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। नाबालिग से कथित दुष्कर्म के मामले को दबाने और समझौते के नाम पर अवैध रूप से रकम लेने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के दादा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, 13-14 वर्षीय किशोरी से जुड़े मामले में पहले अपहरण की शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। शुरुआती जांच के दौरान पीड़िता और उसके परिजनों द्वारा किसी भी प्रकार के अपराध से इनकार किए जाने के कारण मामला आगे नहीं बढ़ पाया था।
जांच में बाद में यह तथ्य सामने आया कि मामले को दबाने और समझौता कराने के लिए कथित तौर पर आरोपियों से 1.30 लाख रुपये लिए गए थे। आरोप है कि रकम लेने के बाद मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया। बाद में सरकारी सहायता और मुआवजे की जानकारी मिलने पर दोबारा मामले को उठाने की कोशिश की गई।
मामले में नया मोड़ तब आया जब एक आरोपी की पत्नी ने पुलिस को वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई। पुलिस के अनुसार, इन साक्ष्यों में कथित तौर पर पैसों की मांग और बातचीत से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य सामने आए हैं।
साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से 1 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में कथित रूप से शामिल दो अन्य व्यक्तियों को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं मामले में प्रारंभिक स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






