रायपुर। छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों में पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। वहीं बलरामपुर जिले में एक हाईवा पलटने से चार मवेशियों की भी मौके पर ही मौत हो गई। सभी मामलों में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
अंतिम संस्कार में जा रहे दंपति की मौत
धमतरी जिले के मगरलोड थाना क्षेत्र में पंडरीपानी-खड़मा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। हादसे में ग्राम धनोरा निवासी प्रेमलाल नेताम और कुमारी बाई नेताम की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों प्रेमलाल के भाई के अंतिम संस्कार में शामिल होने दुगली गांव जा रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी।
कार-बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत
धमतरी जिले के नगरी क्षेत्र के देवपुर के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक के दोनों पैर कट गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में तीन युवतियां भी घायल हुई हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस और ट्रेलर की भिड़ंत, कई यात्री घायल
बलरामपुर जिले के राष्ट्रीय राजमार्ग-343 पर हल्लाहाल पुल के पास यात्री बस और ट्रेलर की टक्कर हो गई। हादसे में बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और यातायात बहाल कराया।
हाईवा पलटा, चार गायों की मौत
बलरामपुर के अधौरा क्षेत्र में गिट्टी से भरा हाईवा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में वहां बैठी चार गायें गिट्टी के नीचे दब गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पास के कच्चे मकान में सो रहे दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस कर रही जांच
सभी घटनाओं में संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







