बिलासपुर। हाईकोर्ट की सख्ती के बावजूद सड़क पर स्टंटबाजी और खतरनाक रील बनाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बिलासपुर में एक युवती का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह नेशनल हाईवे पर बीयर उड़ाकर जन्मदिन मनाती और कार की छत पर चढ़कर डांस करती नजर आ रही है। मामले को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, 27 मई 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वायरल वीडियो सामने आया। वीडियो में CG 10 CD 1416 नंबर की कार सड़क पर चलती दिखाई दे रही है। वहीं एक युवती बीच सड़क पर खड़े होकर रील बनाती नजर आ रही है। युवती ने बियर की बोतल खोलकर उसका स्प्रे हवा में उड़ाया और स्टंट करती दिखाई दी।
वायरल वीडियो सकरी क्षेत्र के नेशनल हाईवे का बताया जा रहा है। रील बनाने के दौरान युवती चलती कार की छत पर भी खड़ी हो गई और डांस करते हुए पोज देने लगी। इस तरह का स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि सड़क पर बड़ा हादसा होने का खतरा भी पैदा करता है।
पुलिस ने वाहन नंबर के आधार पर कार्रवाई करते हुए मंगला शुभम विहार ओम जोन निवासी प्रतीक लूथर (36 वर्ष), पिता संजय लूथर, को हिरासत में लिया। पुलिस ने बीएमडब्ल्यू कार क्रमांक CG 10 CA 3999 को जब्त कर यातायात नियमों के उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की है। वहीं कोनी पुलिस ने फुटेज के आधार पर कार क्रमांक CG 10 CO 1416 के चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है।
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया है। प्रारंभिक जांच में वीडियो सकरी नेशनल हाईवे का प्रतीत हो रहा है। रील बनाने वाली युवती की पहचान की जा रही है और उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।






