रायपुर। राजधानी रायपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर गौरव हेपट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी अलग मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या के प्रयास के मामले में था फरार
पुलिस के अनुसार, डीडी नगर थाना में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले के बाद से गौरव हेपट लगातार फरार चल रहा था। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह बार-बार अपना ठिकाना बदल रहा था। गंभीर मामलों की समीक्षा के दौरान पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने उसकी तलाश तेज की।
घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
मुखबिर से मिली सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। इसके बाद घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
फरारी के दौरान कई राज्यों में बदले ठिकाने
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह दमन-दीव, बिलासपुर और धमतरी सहित कई स्थानों पर छिपकर रह रहा था। पुलिस अब उन लोगों और ठिकानों की भी जांच कर रही है, जिन्होंने फरारी के दौरान उसकी मदद की।
कई गंभीर मामलों में दर्ज हैं केस
पुलिस के मुताबिक गौरव हेपट थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट, नारकोटिक्स सहित एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले रायपुर के विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और सहयोगियों की भी जांच कर रही है।








