सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में कांग्रेस के तीन बड़े नेता एक साथ नजर आए। विश्रामपुर थाना के सामने चल रहे धरना प्रदर्शन में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल हुए। हाल ही में दीपक बैज और टीएस सिंहदेव के बीच बयानबाजी देखने को मिली थी, ऐसे में तीनों नेताओं का एक मंच पर आना राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है।
दरअसल, भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ धमकी देने, गाली-गलौज करने और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं।
विश्रामपुर थाना के सामने जारी धरना
विश्रामपुर पुलिस थाना के सामने कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन अभी भी जारी है। धरने में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव भी शामिल हुए। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे। हालांकि शुरुआत में सिंहदेव और भूपेश बघेल के बीच दूरी नजर आई, लेकिन बाद में दोनों बातचीत करते दिखाई दिए।
केस वापस लेने की मांग
टीएस सिंहदेव ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है तो यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर हथियार कहां है, क्या कोई हथियार बरामद हुआ है और क्या उसका इस्तेमाल किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं को परेशान करने के उद्देश्य से यह एफआईआर दर्ज की गई है। उन्होंने मांग की कि यह मामला तुरंत वापस लिया जाए।
भूख हड़ताल की चेतावनी
धरना प्रदर्शन के दौरान टीएस सिंहदेव ने पुलिस प्रशासन के रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि शाम 6 बजे तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे। उन्होंने कहा कि मंगलवार को वैसे भी उनका सूर्यास्त तक उपवास रहता है और यदि तब तक कोई निर्णय नहीं लिया गया तो वे अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, नगर पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन का शिवनन्दनपुर में विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई को निरस्त कराने की मांग को लेकर 25 मई को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज समेत कांग्रेस पदाधिकारी विश्रामपुर थाने पहुंचे थे।
कांग्रेस का आरोप है कि नरेंद्र जैन के घर जाकर विवाद करने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। इसी के विरोध में कांग्रेस ने थाने के सामने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।






