--विज्ञापन यहां--

दुर्ग में रिश्वतखोरी का आरोप, ऑडियो वायरल होने के बाद दो सब-इंस्पेक्टर निलंबित

On: June 4, 2026 3:22 PM
हमें फॉलो करें:
--विज्ञापन यहां--

Whatsapp Channel

Join Now

Telegram Group

Join Now

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस विभाग एक बार फिर सुर्खियों में है। ड्रग्स मामले में गिरफ्तार एक महिला को राहत दिलाने के नाम पर कथित रिश्वत मांगने के आरोप में दो सब-इंस्पेक्टरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। यहां पदस्थ सब-इंस्पेक्टर तुलसीराम साहू ने एक महिला को नशीले पदार्थों से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि महिला को मामले में मदद दिलाने और राहत देने के बदले उसकी बेटी से 50 हजार रुपये की मांग की गई।

मामला तब सामने आया जब रिश्वत मांगने से जुड़ा कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। ऑडियो की जानकारी मिलने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और प्रारंभिक जांच में आरोप गंभीर पाए गए। इसके बाद पुरानी भिलाई थाने में पदस्थ एसआई तुलसीराम साहू और खुर्सीपार थाने में पदस्थ एसआई देव लाल साहू को निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि के दौरान दोनों अधिकारियों को रक्षित केंद्र दुर्ग अटैच किया गया है। साथ ही विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।

इस बीच गिरफ्तार महिला की बेटी ने मीडिया के सामने और भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि कुछ लोगों ने, जो कथित तौर पर साइबर क्राइम से जुड़े बताए जा रहे हैं, उससे 2 लाख रुपये की मांग की थी। आरोप है कि महिला को जेल से बचाने और मामले को कमजोर करने के नाम पर लगातार पैसों का दबाव बनाया जा रहा था। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

घटना के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है। पुलिस वायरल ऑडियो की सत्यता, रिश्वत मांगने के आरोपों और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

व्हाट्सएप से जुड़ें

अभी जुड़ें

टेलीग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें

इंस्टाग्राम से जुड़ें

अभी जुड़ें