बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रेम प्रसंग के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम अमने के पास गुरुवार रात एक बाउंसर पर पहले मिर्च पाउडर से हमला किया गया, फिर भारी पत्थर से उसका सिर कुचल दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान ग्राम पथर्रा निवासी निखिल गोस्वामी (28) पिता गजेंद्र गोस्वामी के रूप में हुई है। निखिल बिलासपुर के एक बार में बाउंसर के रूप में कार्यरत था और जिम संचालन से भी जुड़ा हुआ था। जानकारी के मुताबिक, वह गुरुवार रात कोटा स्थित जिम आया था। इसके बाद अपने गांव के दो युवकों के साथ अमने गांव मार्ग पर सड़क किनारे बैठकर शराब पी रहा था।
रात करीब 9:30 बजे दो मोटरसाइकिलों में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने पहले निखिल की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया और फिर भारी पत्थर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में निखिल गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन घायल निखिल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटा लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे सिम्स बिलासपुर रेफर किया गया। हालांकि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, निखिल का कोटा क्षेत्र की एक महिला से परिचय था, जिस पर महिला के पति को संदेह था। आशंका जताई जा रही है कि इसी शक के चलते आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह, डीएसपी नुपूर उपाध्याय और कोटा थाना प्रभारी आकाश चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।





