बिलासपुर। शहर के रेलवे क्षेत्र स्थित बुधवारी बाजार में गुरुवार देर रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार एक साइकिल दुकान में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें आसपास की दुकानों और गोदामों तक पहुंच गईं, जिससे पूरे बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बुधवारी बाजार में कपड़े, साइकिल और अन्य सामानों की सैकड़ों छोटी-बड़ी दुकानें संचालित होती हैं। देर रात एक साइकिल दुकान में अचानक आग लग गई। दुकान में टायर और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और बगल में स्थित कपड़ा दुकान को भी अपनी चपेट में ले लिया।
दुकानों से धुआं निकलता देख स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हालांकि दमकल की टीम के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी। आग ने दो गोदामों समेत कई अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। एक के बाद एक दुकानों में आग लगने से पूरे बाजार में दहशत का माहौल बन गया।
आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में व्यापारी मौके पर पहुंच गए। अपनी दुकानों को बचाने के लिए व्यापारियों ने सामान बाहर निकालना शुरू कर दिया। स्थानीय लोग और व्यापारी पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास करते रहे, जबकि दमकलकर्मी लगातार आग पर काबू पाने में जुटे रहे।
करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कई दुकानों और गोदामों में रखा सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस हादसे में व्यापारियों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।






